पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है। पिछले हफ्ते 5 कारोबारी दिनों में बाजार में जारी गिरावट के कारण शेयर बाजार के निवेशकों को 16.26 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इन 5 दिनों की गिरावट के बाद बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 16,26,691.48 करोड़ रुपये घटकर 4,60,89,598.54 करोड़ रुपये रह गया।
सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 808.65 अंकों की गिरावट के साथ 81,688.45 अंकों पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 भी 200.25 अंकों की गिरावट के साथ 25,049.85 अंकों पर बंद हुआ। यह सप्ताह भारतीय बाजार के लिए काफी बुरा रहा। इस सप्ताह सेंसेक्स में कुल 3883.40 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दूसरी ओर निफ्टी 50 में इस सप्ताह कुल 1129.10 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह गुरुवार को सेंसेक्स 666.25 अंकों की बढ़त के साथ 85,836.12 अंकों के नए रिकॉर्ड स्तर पर और निफ्टी 50 211.90 अंकों की बढ़त के साथ 26,216.05 अंकों के नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। यानी पिछले गुरुवार से अब तक सेंसेक्स में 4147.67 अंकों की गिरावट आ चुकी है और निफ्टी में 1166.20 अंकों की गिरावट आ चुकी है।
वहीँ शुक्रवार को सेंसेक्स की कंपनियों में भारत की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा 3.58 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि शेयर बाजार में गिरावट के इस कोहराम में इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा 1.33 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

