उमंग ऐप के तीन साल पूरे होने के मौके पर इसका इंटरनेशनल वर्जन लॉन्च किया गया है. हालांकि यह अभी चुनिंदा देशों के लिए है, जिनमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, सिंगापुर और न्यूजीलैंड शामिल हैं. उमंग ऐप के इंटरनेशनल वर्जन को इन चुनिंदा देशों के प्ले स्टोर पर जाकर डाउनलोड किया जा सकता है.
उमंग ऐप के इंटरनेशनल वर्जन की लॉन्चिंग इनफॉरमेशन एंड टेक्नोलॉजी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के जरिए की. एक बयान के मुताबिक, इस कदम से विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों, एनआरआई और भारतीय पर्यटकों को किसी भी वक्त भारत सरकार की सेवाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी.
उमंग ऐप (यूनिफाइड मोबाइल एप्लीकेशन फॉर न्यू ऐज गवर्नेंस) की खासियत यह है कि एक ही प्लेटफॉर्म पर केन्द्र व राज्य सरकारों की विभिन्न सर्विस और कई अन्य नागरिक केन्द्रित सेवाएं उपलब्ध हैं. 31 मार्च 2020 तक उमंग ऐप पर 643 सर्विस मौजूद थीं लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 2000 से अधिक हो चुकी है.

