नयी दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह की कंपनी जियो प्लेटफार्म्स में निवेश जुटाने का सिलसिला अभी जारी है। शुक्रवार को अमेरिका की कंपनी इंटेल कैपिटल द्वारा जियो प्लेटफार्म्स में 1,894.50 करोड़ रुपये में 0.39 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के सौदे की घोषणा हुई।
उद्योगपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को कहा कि उसने चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी इंटेल कैपिटल से 0.39 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिये 1,894.50 करोड़ रुपये का निवेश हासिल किया है।जियो प्लेटफॉर्म्स में अप्रैल से अब तक विभिन्न वैश्विक कंपनियों को अलग-अलग हिस्सेदारी बेचकर रिलायंस इंडस्ट्रीज कुल 1.17 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटा चुकी है।
देश की सबसे नयी दूरसंचार कंपनी जियो इंफोकॉम रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स का ही हिस्सा है। इंटेल कैपिटल अमेरिकी कंपनी इंटेल कॉर्प की निवेश इकाई है। इस निवेश के लिए जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर मूल्य के हिसाब से मूल्यांकन 4.91 लाख करोड़ रुपये और उद्यम के हिसाब से 5.16 लाख करोड़ रुपये किया गया।कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘ इंटेल कैपिटल जियो प्लेटफॉर्म्स में निवेश करने वाली 12वीं कंपनी है। इन 12 कंपनियों की कुल हिस्सेदारी 25.09 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इस हिस्सेदारी के लिये जियो प्लेटफॉर्म्स में 1,17,588.45 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

