नई दिल्ली: बीमा क्षेत्र के नियामक इरडा ने साधारण और स्वास्थ्य बीमा कंपनियों को अब पॉलिसी इलेक्ट्रॉनिक रूप में जारी करने की अनुमति दे दी है. इरडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में बीमा पॉलिसी को इलेक्ट्रॉनिक रूप में जारी करने का ही नियम बन जाएगा. भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के गैर-जीवन बीमा सदस्य टी एल अलामेलू ने उद्योग जगत के एक कार्यक्रम में कहा कि बीमा क्षेत्र में पॉलिसी धारकों और दूसरे संबद्ध पक्षों के मामले में काफी कुछ किए जाने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि जहां तक नियामक की बात है, अभी काफी काम किए जाने हैं. वे लगातार यह देख रहे हैं कि क्या किए जाने की जरुरत है, केवल पॉलिसी धारकों के लिये ही नहीं बल्कि बीमा क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों के मामले पर वे गौर कर रहे हैं. कुछ कदम जो हमने उठाये हैं वह स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र से जुड़े हैं.
अलामेलू ने उद्योग संगठन एसोचैम द्वारा आयोजित ‘नेशनल ई-समिट हेल्थ इंश्योंरेंस अंडर कोविड अटैक’ को संबोधित करते हुए कहा कि कल आप सभी ने देखा होगा कि अब वे बीमा कंपनियों को प्रस्ताव के रूप में ई- पॉलिसी जारी करने की अनुमति दे रहे हैं. उनका मानना है कि यह समय की जरूरत है. धीरे धीरे इसमें मध्यवर्ती इकाइयों, एजेंटों और पॉलिसीधारकों के बीच दूर रहकर ही काम करने का माहौल बनेगा. हमें जल्द से जल्द ऐसी प्रणाली अपनानी होगी जहां यह नया नियम बन जाएगा.

