अमेरिका में आज रात आने वाले एफओएमसी बैठक के नतीजे से पहले आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी उठापटक देखने को मिली। कारोबार के अंत में भारतीय बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ़्टी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए हैं। सेंसेक्स 33.57 अंक की बढ़त के साथ 69,584.60 पर बंद हुआ है वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज इंडेक्स निफ्टी 19.90 अंक की तेजी लेकर 20,926.30 पर बंद हुआ है।
बाजार की शुरुआत ही आज कमजोरी के साथ हुई और दिन बढ़ते बढ़ते इंट्राडे में निफ्टी 20,769.50 के निचले स्तर पर पहुंच गया। आईटी, मेटल धातु और तेल-गैस शेयरों में बिकवाली दिखी हालांकि, पावर, रियल्टी, फार्मा और ऑटो शेयरों में अंतिम घंटे की आई खरीदारी ने सारी गिरावट की भरपाई कर दी और बाजार अंत में हल्की बढ़त लेकर बंद होने में कामयाब रहा।
आयशर मोटर्स, एनटीपीसी, हीरो मोटोकॉर्प, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और अदानी पोर्ट्स निफ्टी के टॉप गेनर रहे। वहीँ टीसीएस, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी लाइफ निफ्टी के टॉप लूजर रहे। अलग-अलग सेक्टर्स की बात करें तो ऑटो, पावर, फार्मा, कैपिटल गुड्स और रियल्टी 1 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। जबकि आईटी इंडेक्स 1 फीसदी नीचे बंद हुआ है।

