वैश्विक शेयर बाजार में आए भूचाल की चपेट में भारतीय शेयर बाजार भी आ गया है। सप्ताह के पहले ही दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भयानक गिरावट के साथ खुला। बीएसई सेंसेक्स 2393.76 अंकों की गिरावट के साथ 78,588.19 अंकों पर वहीं दूसरी ओर एनएसई निफ्टी 50 भी 414.85 अंकों की गिरावट के साथ 24,302.85 अंकों पर खुला। बीते शुक्रवार को भी शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी।
सोमवार को जब भारतीय शेयर बाजार खुला तो सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए, जबकि सिर्फ सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर ही हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। वैश्विक बाजार में भारी बिकवाली का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिला और घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स में प्री-ओपनिंग में 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स में 4000 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर निफ्टी में भी 650 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स में गैप डाउन की शुरुआत देखने को मिली, जिससे पिछले हफ्ते वॉल स्ट्रीट पर शुरू हुई बिकवाली जारी रही। बता दें कि दुनियाभर के बाजार इस समय भारी बिकवाली के चलते भयानक गिरावट का सामना कर रहे हैं। डाउ जोंस 1.51 फीसदी, एसएंडपी 500 1.84 फीसदी, नैस्डैक 2.38 फीसदी, एफटीएसई 1.31 फीसदी, डीएएक्स 2.33 फीसदी, सीएसी 1.61 फीसदी और निक्केई 225 में करीब 7 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई। शेयर बाजार में आई इस भयानक गिरावट के पीछे दो अहम वजह बताई जा रही हैं। अमेरिका द्वारा जारी की गई उम्मीद से भी खराब जॉब रिपोर्ट ने मंदी के खतरे को और बढ़ा दिया है। इसके अलावा मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव ने भी निवेशकों को टेंशन में डाल दिया है।

