हुंडई मोटर ने इनपुट और लॉजिस्टिक्स लागत में वृद्धि के कारण अगले साल से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने अपनी एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि 1 जनवरी, 2025 से अपने सभी मॉडल रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी क्योंकि इनपुट लागत में वृद्धि, प्रतिकूल विनिमय दर और लॉजिस्टिक्स लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में वृद्धि आवश्यक हो गई है।
HMIL के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने कहा कि इनपुट लागत में निरंतर वृद्धि के साथ अब इस लागत वृद्धि का एक हिस्सा मामूली मूल्य समायोजन के माध्यम से आगे बढ़ाना अनिवार्य हो गया है। यह मूल्य वृद्धि सभी मॉडलों पर की जाएगी और वृद्धि की सीमा 25000 रुपये तक होगी। मूल्य वृद्धि 1 जनवरी, 2025 से सभी MY25 मॉडलों पर प्रभावी होगी।”
इससे पहले नवंबर में, मर्सिडीज-बेंज इंडिया (एमबीआई) ने 1 जनवरी, 2025 से प्रभावी पोर्टफोलियो में अपने पूरे मॉडल रेंज के लिए कीमतों में 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी।
नवंबर, 2024 में हुंडई मोटर इंडिया की कुल बिक्री साल-दर-साल 7 प्रतिशत घटकर 61,252 इकाई रह गई। ऑटोमेकर ने एक बयान में कहा कि पिछले साल नवंबर में ऑटोमेकर ने अपने डीलरों को 65,801 यूनिट भेजी थीं। पिछले महीने घरेलू बिक्री साल-दर-साल 2 प्रतिशत घटकर 48,246 इकाई रह गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 49,451 इकाई थी।

