चीनी कंपनियों के 59 मोबाइल एप पर रोक के बाद अब दूसरे देशों ने भी चीन पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। अमेरिका ने चीन के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत की है। यूएस फेडरल कम्युनिकेशन कमिशन ने मंगलवार को 5-0 से मतदान कर चीन की टेक कंपनी हुआवे और ZTE को राष्ट्रीय खतरा बताया है।
अमेरिकी कंपनियों को इक्विपमेंट खरीदने को लेकर मिलने वाले 8.3 अरब डॉलर के फंड को ट्रंप सरकार ने रोक दिया है। अमेरिकी टेलिकॉम रेग्युलेटर ने नवंबर में ही इस बाबत 5-0 से मतदान किया था। अमेरिका में चीन की कंपनी हुआवे के उत्पादों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए काफी समय पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
यूएस फेडरल कम्युनिकेश कमिशन ने साफ कहा है कि टेलिकॉम कंपनियों को अपने इन्फ्रास्ट्रक्चर से इन दोनों चाइनीज कंपनियों के इक्विपमेंट्स को हटाना होगा। FCC चेयरमैन अजित पई ने कहा कि हम चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी को अमेरिकी सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं करने देंगे।

