होंडा कार्स इंडिया ने अपनी फ्लैगशिप एसयूवी CR-V का स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है. इसकी एक्स शोरूम दिल्ली कीमत 29.5 लाख रुपये रखी गई है. CR-V स्पेशल एडिशन, एसयूवी के स्टैंडर्ड वर्जन से लगभग 1.23 लाख रुपये महंगा है. स्टैंडर्ड CR-V की एक्स शोरूम दिल्ली कीमत 28.27 लाख रुपये है. होंडा ने बिक्री में तेजी की उम्मीद के साथ CR-V का स्पेशल एडिशन फेस्टिव सीजन के दौरान लॉन्च किया है. CR-V स्पेशल एडिशन में अतिरिक्त फीचर्स जोड़े जाने के साथ कुछ बदलाव भी किए गए हैं.
होंडा CR-V स्पेशल एडिशन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिक रहे फेसिलिफ्टेड CR-V मॉडल पर बेस्ड है. एसयूवी के स्पेशल एडिशन में क्रोम फिनिश वाली ग्रिल के बजाय ग्लॉसी ब्लैक ग्रिल देकर फ्रंट को रिडिजाइन किया गया है. साथ में इंटीग्रेटेड फुल एलईडी हैडलैंप्स का इस्तेमाल हुआ है. CR-V स्पेशल एडिशन में फ्रंट व रियर बंपर नए हैं, हालांकि साइड प्रोफाइल के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है. CR-V स्पेशल एडिशन में जो अतिरिक्त फीचर्स जोड़े गए हैं, उनमें हैंड्स फ्री पावर टेलगेट, नए 18 इंच अलॉय व्हील्स, एक्टिव कॉर्नरिंग लाइट्स, एलईडी फॉग लाइट्स आदि प्रमुख हैं.

