शेयर बाजार में तेजी लौटते के बाद आगे कई कंपनियां अपना आईपीओ ला रही हैं. इसी क्रम में आईटी सेवाओं वाली कंपनी हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी को आईपीओ आज 7 सितंबर यानी सोमवार को खुल रहा है. इस आईपीओ में प्राइस बैंड 165 से 166 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर तय किया गया है. कंपनी इस इश्यू से प्राथमिक बाजार से 702 करोड़ रुपये जुटाने वाली है. इस इश्यू को 9 सितंबर तक सब्सक्राइब किया जा सकता है. जानकारों का कहना है कि इस कंपनी का बिजनेस मॉडल अच्छा है, जिससे कंपनी के लिए कॉम्पटिशन कम है. इस तरह की कंपनियां प्राइसिंग पावर अपहोल्ड करती हैं.
कंपनी फ्रेश शेयरों के जरिए 110 करोड़ रुपये जुटाने वाली है. प्रमोटर्स ही हिस्सेदारी से होने वाली आय प्रमोटर्स को ही जाएगी, जबकि फ्रेश शेयरों के इश्यू से होने वाली आय कंपनी की दीर्घावधि कामकाजी पूंजी और कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल की जाएगी. हैपिएस्ट माइंड्स के इस इश्यू में प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी से 3,56,63,585 शेयर बेचेंगे. कंपनी के प्रमोटर अशोक सूता इस इश्यू में 84,14,223 शेयर बेचेंगे. इसके अलावा जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट कंपनी की इकाई एमसीडीबी II 2,72,49,362 शेयर बेचेगी.
इस आईपीओ में एक लॉट 90 शेयरों का होगा. इसका मतलब है कि कम से कम 90 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी. इसके बाद 90 के गुणा में लॉट खरीदे जा सकेंगे. इस इश्यू के प्रबंधन की जिम्मेदारी आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सर्विसेज के पास है.
कंपनी के अनुसार, इसका 97 फीसदी रेवेन्यू डिजिटल कारोबार से आता है, जो इंफोसिस, माइंडट्री और कॉग्निजेंट जैसी कई कंपनियों की तुलना में काफी अधिक है. इन कंपनियों ने औसत डिजिटल रेवेन्यू 40-50 फीसदी होता है.
165-166 रुपये के प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन वित्त वर्ष 2019-20 की प्रति शेयर आय के आधार पर 26.76 गुना की आंकी जा रही है. विश्लेषकों का कहना है कि कंपनी के शेयरों की वैल्यूएशन अधिक है. मगर मिडकैप और स्मॉलकैप आईडी शेयरों की मांग को देखते हुए निवेशक इसे सब्सक्राइब कर सकते हैं.

