नयी दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि सरकार जल्द ही सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत छह और हवाई अड्डों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगी।उन्होंने कहा कि इस तरह कुल 12 हवाई अड्डों में निजी कंपनियों से लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्राप्त होगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) पहले ही सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत परिचालन और रखरखाव के लिये पेश किये गये छह हवाई अड्डों में से तीन को निजी कंपनियों को सौंप चुकी है। वित्त मंत्री ने कोरोना वायरस महामारी के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को राहत देने के लिये घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के प्रोत्साहन पैकेज की चौथी किस्त में छह अन्य हवाई अड्डों की नीलामी की तैयारी की जानकारी दी। सीतारमण ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छह हवाई अड्डों का वार्षिक राजस्व लगभग एक हजार करोड़ रुपये होगा, जबकि इनका मौजूदा लाभ लगभग 540 करोड़ रुपये प्रति वर्ष है।

