गूगल पे (Google Pay) ने सोमवार को अपने प्लेटफॉर्म पर टोकनाइजेशन को लागू करने की घोषणा की. टोकनाइजेशन के जरिए गूगल पे एंड्रायड यूजर्स को पेमेंट के लिए अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स को फिजिकली शेयर नहीं करना होगा. कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर अटैच्ड सुरक्षित डिजिटल टोकन के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा. बयान में कहा गया कि यह फीचर नीयरफील्ड कम्युनिकेशंस (NFC)-इनेबल्ड PoS टर्मिनल्स और ऑनलाइन मर्चेंट्स पर ‘टैप टू पे’ फीचर के इस्तेमाल की सुविधा भी देगा.
कंपनी ने कहा कि वीजा और बैंकिंग भागीदारों के साथ यह सुविधा अब एक्सिस और एसबीआई कार्ड के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध है. कोटक और अन्य बैंकों के साथ यह सुविधा बहुत जल्द शुरू होने की उम्मीद है. बयान में कहा गया कि टोकन भुगतान के साथ, गूगल पे उपभोक्ताओं को एनएफसी सक्षम एंड्रायड डिवाइस या फोन का इस्तेमाल करके सुरक्षित भुगतान करने में मदद मिलेगी.
स्मार्टफोन पर टैप एंड पे फीचर को इनेबल करने के लिए यूजर्स को अपनी कार्ड डिटेल्स डालकर वन टाइम सेटअप करना होगा. यूजर्स को गूगल पे ऐप पर कार्ड एड करने के लिए बैंक की ओर से ओटीपी आएगा. रजिस्ट्रेशन के बाद फीचर को एनएफसी इनेबल्ड टर्मिनल्स पर पेमेंट करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

