अमरीकी फेड के फैसले से पहले बुधवार सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। घरेलू वायदा बाजार में भी सोना लाल निशान में कारोबार करता नजर आया। बुधवार सुबह एमसीएक्स एक्सचेंज पर 5 फरवरी, 2025 को डिलिवरी वाले सोने का भाव 60 रुपये की गिरावट के साथ 76,811 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं मंगलवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोना बढ़त के साथ बंद हुआ। दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना मंगलवार को 950 रुपये की तेजी के साथ 79,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 950 रुपये की तेजी के साथ 78,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
बुधवार सुबह वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। कमोडिटी बाजार (कॉमेक्स) पर सोना 2.80 डॉलर की गिरावट के साथ 2,659 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, सोना हाजिर 2.90 डॉलर की गिरावट के साथ 2643.93 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। इस बात की काफी उम्मीदें हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आज तीसरी बार रेट कट का ऐलान करेगा और 2025 के लिए रेट कट की संभावना से जुड़े संकेत देगा।
अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी FOMC की दो दिवसीय बैठक 17 दिसंबर को शुरू हुई थी। आज इस बैठक का दूसरा दिन है। जानकारों के मुताबिक, आज प्रमुख ब्याज दर में 0.25 फीसदी की कटौती का फैसला आ सकता है। निवेशकों की नजर इस बात पर है कि फेड साल 2025 में रेट में कितनी कटौती कर सकता है। फेड पॉलिसी के साथ-साथ निवेशकों की नजर अमेरिकी जीडीपी और महंगाई के आंकड़ों पर भी है, जो इसी हफ्ते आने हैं।

