दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 158 रुपये की बढ़त के साथ 50,980 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्यॉरिटीज ने यह जानकारी दी है। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 50,822 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। सोने की तर्ज पर चांदी भी 697 रुपये के उछाल के साथ 62,043 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 61,346 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशल सर्विसेज के उपाध्यक्ष (जिंस शोध) नवनीत दमानी ने कहा कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को लेकर अनिश्चितता के बीच सोना चढ़ा है। निवेशक बेसब्री से चुनावी नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी तरफ आज सेंसेक्स भी 700 अंकों से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुआ।
अमेरिकी चुनाव में जो बाइडेन की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। हालांकि अभी तक इसका ऐलान नहीं किया गया है और वहां हिंसा हो रही है। बाइडेन की जीत की उम्मीद के बीच इंटरनैशनल मार्केट में गोल्ड में 1.5 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है। इन्वेस्टिंग डॉट कॉम की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शाम को 6.20 बजे 20 दिसंबर डिलिवरी वाला गोल्ड करीब 31 डॉलर की तेजी के साथ 1927 डॉलर के करीब ट्रेड कर रहा था।
सोना के अलावा चांदी में भी इस समय काफी तेजी देखी जा रही है। इंटरनैशनल मार्केट में 20 दिसंबर डिलिवरी वारी चांदी शाम के 6.15 बजे करीब 0.90 डॉलर की तेजी के साथ 24.80 डॉलर प्रति आउंस के स्तर पर ट्रेड कर रही थी।

