सोने-चांदी की कीमतों में बुधवार को तगड़ी गिरावट देखने को मिली. घरेलू सराफा बाजार में सोने के दाम 640 रुपये टूटकर 54,269 रुपये प्रति दस ग्राम पर आए. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई गिरावट का असर स्थानीय हाजिर बाजार में सोने के दाम पर देखा गया. इससे पहले, मंगलवार को सोने का हाजिर भाव 54,909 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया था. चांदी की कीमतों में भी 3000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली.
बुलियन मार्केट में चांदी की हाजिर कीमत में बुधवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली. चांदी के भाव 3112 रुपये लुढ़ककर 69,450 रुपये प्रति किलो पर आ गए. इससे पहले, मंगलवार को चांदी के दाम 72,562 रुपये प्रति किलो पर थे.
एचडीएफसी सिक्युरिटी के सीनियर एनॉलिस्ट (कमोडिटी) तपन पटेल का कहना है कि डॉलर में रिकवरी से बुलियन की कीमतों पर दबाव देखा गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1988 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज किया गया. जबकि चांदी के भाव 27.43 डॉलर प्रति औंस रहे.
पटेल का कहना है कि अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (FOMC) के मिनट्स जारी होने से पहले डॉलर इंडेक्स में मजबूती दर्ज की गई. इसका दबाव सोने पर पड़ा और कीमती धातुओं ने बढ़त गंवा दी.

