क्वांट म्यूचुअल फंड ने सोमवार को कहा कि कथित फ्रंट-रनिंग गतिविधियों की जांच कर रहे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के साथ पूरा सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी का यह बयान मीडिया में आई उन खबरों के बाद आया है जिनके मुताबिक नियामक ने क्वांट म्यूचुअल फंड के मुंबई और हैदराबाद स्थित दफ्तरों में तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की है। यहां फ्रंट-रनिंग का मतलब शेयर बाजार में गलत व्यवहार से है, जहां कोई इकाई अपने ग्राहकों को जानकारी उपलब्ध कराने से पहले ब्रोकर या विश्लेषक से प्राप्त सूचना के आधार पर कारोबार करती है।
खबर के मुताबिक रविवार देर रात निवेशकों को लिखे एक नोट में कंपनी ने कहा कि हाल ही में क्वांट म्यूचुअल फंड को सेबी से पूछताछ मिली है और हम इस मामले से जुड़ी आपकी किसी भी चिंता का समाधान करना चाहते हैं। नोट में कहा गया है कि हम आपको आश्वस्त करना चाहते हैं कि क्वांट म्यूचुअल फंड एक विनियमित इकाई है और हम किसी भी समीक्षा के दौरान नियामक के साथ सहयोग करने के लिए हमेशा पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
कंपनी का कहना है कि हम सभी जरूरी सहायता मुहैया कराएंगे और सेबी को नियमित रूप से और जरूरत पड़ने पर डेटा जमा करते रहेंगे। क्वांट म्यूचुअल फंड के पास 80 लाख से ज़्यादा फोलियो हैं। इसकी एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 93,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा है।
खबरों के मुताबिक, संदीप टंडन के स्वामित्व वाले इस म्यूचुअल फंड की एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) ₹93,000 करोड़ है और इस पर फ्रंट-रनिंग का संदेह है। सेबी ने क्वांट म्यूचुअल फंड के दो ठिकानों – मुंबई और हैदराबाद की तलाशी ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, क्वांट म्यूचुअल फंड पिछले तीन सालों में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले म्यूचुअल फंड हाउस में से एक रहा है। इसका AUM जनवरी 2020 में ₹258 करोड़ से बढ़कर जून 2024 तक ₹90,000 करोड़ से ज़्यादा हो गया है।

