नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार अभी ऑल टाइम हाई पर ट्रेड कर रहा है। मार्च में लॉकडाउन के दौरान शेयर बाजार 25600 के स्तर तक लुढ़क गया था। पिछले आठ महीने में यह अपने न्यूनतम स्तर से 70 फीसदी तक उछल चुका है। अभी भी विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) का भारतीय बाजारों को लेकर रुख सकारात्मक बना हुआ है। नवंबर में अब तक FPI ने भारतीय बाजारों में 35,109 करोड़ रुपये का का निवेश किया है।
कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों तथा निवेश गतिविधियों को प्रोत्साहन के लिए सरकार के उपायों से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, दो से 13 नवंबर के दौरान FPI ने शेयरों में शुद्ध रूप से 29,436 करोड़ रुपये तथा डेट या बॉन्ड बाजार में 5,673 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस तरह उनका शुद्ध निवेश 35,109 करोड़ रुपये रहा है।
इससे पिछले महीने भारतीय बाजारों में FPI का शुद्ध निवेश 22,033 करोड़ रुपये रहा था। रिलायंस सिक्यॉरिटीज के संस्थागत कारोबार प्रमुख अर्जुन यश महाजन ने कहा, ‘भारतीय बाजारों का प्रदर्शन लगातार अच्छा बना हुआ है, जिससे FPI यहां जोखिम उठाने को तैयार हैं। कंपनियों के तिमाही नतीजों तथा सरकार के सुधार उपायों से भी FPI की धारणा मजबूत हुई है।’ बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आगे भी FPI का रुख सकारात्मक बने रहने की उम्मीद है। महाजन ने कहा, ‘अर्थव्यवस्था में सुस्ती के बीच जुझारू क्षमता दिखाने वाले क्षेत्रों में FPI आगे दांव लगा सकते हैं।’

