मुंबई: कोरोना वायरस के महामारी का रूप लेने की आशंका के बीच गुरुवार को शेयर बाजारों में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। बैंक, आईटी और एनर्जी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 143 अंक और नीचे आ गया। कारोबारियों ने कहा कि फरवरी माह के डेरिवेटिव अनुबंधों के निपटान की वजह से भी बाजार में उतार-चढ़ाव रहा।
कोरोना वायरस को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ी है। वे सोना और बॉन्ड जैसे सुरक्षित विकल्पों का रुख कर रहे हैं। चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर, 2019 की तीसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 4.5 प्रतिशत पर स्थिर रहने का अनुमान लगाया गया है। इससे भी धारणा प्रभावित हुई। सरकार दिसंबर तिमाही के जीडीपी आंकड़े शुक्रवार को जारी करेगी।
कारोबारियों ने कहा कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की जोरदार बिकवाली से भी खुदरा निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। शेयर बाजारों के अस्थाई आंकड़ों के अनुसार इस सप्ताह एफपीआई ने शुद्ध रूप से 6,812.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 0.83 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

