नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए सरकार ने 21 दिनों का देशव्यापी लॉकडाउन घोषित किया है, जो 14 अप्रैल को खत्म होने जा रहा है। लॉकडाउन को और आगे बढ़ाए जाने की आशंकाओं को बीते दिनों सरकार ने खारिज किया था, लेकिन एयर इंडिया के शुक्रवार के एक बयान से इन आशंकाओं को बल मिल रहा है। सरकारी एयरलाइंस ने शुक्रवार को कहा है कि आज से लेकर 30 अप्रैल तक तमाम डॉमेस्टिक तथा इंटरनैशनल रूट्स पर बुकिंग को बंद कर दिया गया है। 14 अप्रैल के बाद बुकिंग के लिए हम फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
सोशल मीडिया में आई खबरों पर केंद्र सरकार ने साफ किया था कि कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में जारी 21 दिनों का लॉकडाउन आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। कैबिनेट सेक्रटरी राजीव गाबा ने 30 मार्च को साफ किया था कि सरकार की लॉकडाउन बढ़ाने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मैं लॉकडाउन बढ़ाने की रिपोर्ट देखकर चौंक रहा हूं। सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है।’

