नयी दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) से जनवरी 2021 में आठ लाख 20 हजार से अधिक नए अंशधारक जुड़े हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यहां जारी ‘रोजगार के मासिक’ आंकड़ों में बताया गया है कि ईपीएफ से जनवरी 2021 में कुल आठ लाख 20 हजार 338 नए अंशधारक जोड़े गये हैं। इनमें से छह लाख 31 हजार 928 पुरुष और एक लाख 83 हजार 391 महिला तथा अन्य 16 हैं जबकि तीन के बारे जानकारी उपलब्ध नहीं है। सितंबर 2017 से जनवरी 2021 तक ईपीएफ में चार करोड़ तीन लाख 32 हजार 543 नए अंशधारक शामिल हुए हैं।
आंकड़ों में कहा गया है कि इसी माह में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से 11 लाख 55 हजार 451 कर्मचारी जोड़े गए हैं। इनमें नौ लाख 66 हजार 611 पुरुष और एक लाख 88 हजार 812 महिलायें हैं। शेष 28 को अन्य श्रेणी में रखा गया है। सितंबर 2017 से जनवरी 2021 तक ईएसआईसी चार करोड़ 75 लाख 185 नए कर्मचारी शामिल हुए हैं।