नई दिल्ली: दिल्ली में डीजल सस्ता हो गया है. केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा फैसले लेते हुए डीजल पर VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) 30 फीसदी से घटाकर 16.75 फीसदी कर दिया है. इस तरह डीजल पर वैट 13.25 फीसदी कम हो गया है. इस फैसले से माना जा रहा है कि दिल्ली में डीजल के दाम घटकर 82 रुपये से घटकर 73.64 रुपये प्रति लीटर रह जाएगा. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दिल्ली कैबिनेट के फैसले की जानकारी दी. दिल्ली में एक बड़े ही रोचक घटनाक्रम में डीजल की कीमतें पेट्रोल से ज्यादा हो गई थीं. जून में लगातार 18 दिन कीमतों में तेजी के बाद डीजल दिल्ली में पेट्रोल5 से भी महंगा हो गया. पेट्रोल-डीजल की कीमतों के इतिहास में यह पहली घटना थी.
दरअसल, दिल्ली में डीजल की कीमतों हुई बेतहाशा बढ़ोतरी की अहम वजह दिल्ली सरकार की तरफ से वैट में भारी भरकम इजाफा था. राज्य सरकार ने डीजल पर वैट 16.75 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी और पेट्रोल पर 27 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर दिया था. इस फैसले के बाद दिल्ली में पेट्रोल 7.1 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 1.67 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया. दरअसल, केजरीवाल सरकार ने कोविड19 लॉकडाउन के चलते रेवेन्यू में हुए नुकसान की भरपाई के लिए फ्यूल पर वैट बढ़ाने का फैसला किया था.

