नयी दिल्ली: निजी क्षेत्र के डीसीबी बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2019-20 की मार्च तिमाही में 28 प्रतिशत गिरकर 69 करोड़ रुपये पर आ गया। बैंक ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। बैंक को वित्त वर्ष 2018-19 की समान अवधि में 96 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
बैंक ने एक बयान में बताया कि आलोच्य तिमाही के दौरान उसकी कुल आय साल भर पहले के 400 करोड़ रुपये से 8.5 प्रतिशत बढ़कर 434 करोड़ रुपये हो गयी। पूरे वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान बैंक का कर भुगतान के बाद शुद्ध लाभ चार प्रतिशत बढ़कर 2018-19 के 325 करोड़ रुपये की तुलना में 338 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान आय 10.5 प्रतिशत बढ़कर 1,656 करोड़ रुपये हो गयी। यह 2018-19 में 1,499 करोड़ रुपये रही थी।
बैंक ने कहा कि पूरे वित्त वर्ष 2019-20 और मार्च तिमाही में कोविड-19 को लेकर नियामकीय पैकेज प्रावधान करने से लाभ 63 करोड़ रुपये कम हुआ। बैंक ने दिशानिर्देशों के आधार पर सामान्य स्थिति की तुलना में अधिक प्रावधान किया। इस दौरान बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में भी गिरावट आयी। बैंक की एकीकृत गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) साल भर पहले के 1.84 प्रतिशत से बढ़कर 2.46 प्रतिशत हो गयी। शुद्ध एनपीए भी 0.65 प्रतिशत से बढ़कर 1.16 प्रतिशत हो गया।

