नई दिल्ली: महज ढाई साल में इस कंपनी के शेयर ने 290% का रिटर्न दिया और देश की आठवीं सबसे बड़ी कंपनी बन गई। सुपरमार्केट चेन डीमार्ट के नाम से कारोबार करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट का बाजार पूंजीकरण सोमवार को 1.50 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसने नेस्ले और बजाज फिनसर्व जैसी दिग्गज कंपनियों को पछाड़ दिया है। यह कंपनी 21 मार्च, 2017 को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थी और उस वक्त इसका एम कैप 39,988 करोड़ रुपये था। तब से लेकर अबतक इसके शेयर में 290% की वृद्धि दर्ज की जा चुकी है।
बीते पांच फरवरी को कंपनी ने अपने शेयर संस्थागत निवेशकों को बेचने की घोषणा की थी, जिसके बाद सोमवार को इसका शेयर 8.6% उछलकर 2,484.15 रुपये पर पहुंच गया, जो इसका अब तक का सर्वोच्च स्तर है।
इस साल अब तक कंपनी का शेयर 35% उछल चुका है। अगर किसी निवेशक ने मार्च 2017 में कंपनी का आईपीओ आने के दौरान इसका 1 लाख करोड़ रुपये का शेयर खरीदा होता तो सोमवार को उसकी वैल्यू 8.31 लाख करोड़ होती।

