नई दिल्ली। CSB Bank ने बुधवार को शेयर बाजार में जबरदस्त बढ़त हासिल की। बीएसई पर कंपनी के प्रति शेयर की कीमत 56 प्रतिशत की उछाल के साथ 304 रुपये हो गई, जबकि उसका इश्यू प्राइस महज 195 रुपये था। सेंसेक्स में उछाल का फायदा भी कंपनी के शेयरों को मिला। CSB Bank पहले कैथोलिक सीरियन बैंक के नाम से जाना जाता था। बुधवार को कंपनी का शेयर 41 फीसद की भारी तेजी के साथ 275 रुपये प्रति शेयर की दर से लिस्टेड हुआ।
कंपनी का आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम) 22 नंवबर को खुला था। सीएसबी बैंक के आईपीओ को सब्सक्राइब करने की आखिरी तारीख 26 नवंबर की थी। कंपनी ने 1.15 करोड़ शेयरों के लिए आईपीओ आमंत्रित किया था। कंपनी के आईपीओ को इस दौरान 87 फीसद का शानदार अभिदान (सब्सक्रिप्शन) मिला था। हालांकि, इसके लिए उसे 100 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली थी। कंपनी ने 410 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ आमंत्रित किया था। समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों ने कंपनी के आईपीओ को 44.25 गुना सब्सक्राइब किया था।

