नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पंजाब नेशनल बैंक में 7,080 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि की कथित धोखाधड़ी के मामले में गीतांजलि समूह की कंपनियों के पूर्व अंतरराष्ट्रीय प्रमुख सुनील वर्मा और अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। इस मामले में समूह का मालिक भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी वांछित है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सीबीआई द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र में आरोपियों के तौर पर पीएनबी के दो अधिकारियों सागर सावंत तथा संजय प्रसाद और समूह के तहत आने वाले ब्रांड जिली और नक्षत्र के निदेशक धनेश सेठ को भी नामजद किया गया है।
चोकसी और उसकी कंपनियों के खिलाफ मामले में प्रथम आरोपपत्र दायर किए जाने के तीन साल से अधिक समय बाद पूरक आरोपपत्र ऐसे समय में दायर किया गया है जब भगोड़े हीरा कारोबारी चोकसी के खिलाफ डोमिनिका की अदालत में कानूनी कार्यवाही चल रही है।
चोकसी को एंटीगुआ और बारबुडा से रहस्यमयी तरीके से गायब होने के बाद 24 मई को डोमिनिका में अवैध प्रवेश के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस पूरक आरोप पत्र में चोकसी पर धारा 201 (सबूत नष्ट करना), और धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप लगाया गया है।

