वित्तीय संकट से जूझ रही एडटेक कंपनी बायजू के संस्थापक बायजू रविंद्रन शर्तों के साथ कर्जदाताओं का पैसा लौटाने को तैयार हैं। बायजू रविंद्रन ने कहा है कि अगर कर्जदाता उनके साथ काम करने को तैयार हैं तो वह उन्हें पूरा पैसा लौटाने को तैयार हैं। रविंद्रन ने कहा कि अगर कंपनी के खिलाफ दिवालिया प्रक्रिया जारी रहती है तो कर्जदाताओं को कोई पैसा नहीं मिलेगा।
रविंद्रन ने कहा कि कर्जदाता अगर वे मेरे साथ काम करने को तैयार हैं तो मैं एक भी रुपया निकालने से पहले उन्हें पैसा लौटाने को तैयार हूं। हमने 140 मिलियन डॉलर का भुगतान कर दिया है लेकिन वे पूरे 1.2 बिलियन डॉलर चाहते थे जो हमने पहले ही निवेश कर दिया था। ज्यादातर कर्जदाता कंपनी के साथ समझौता करना चाहते थे, लेकिन उनमें से एक या दो ऐसे थे जो इससे बहुत अधिक लाभ कमाना चाहते थे।
बता दें कि बायजू इस समय दिवालिया कार्यवाही का सामना कर रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 158.9 करोड़ रुपये के बकाये की वसूली के लिए एनसीएलएटी का दरवाजा खटखटाया था जिसके बाद एनसीएलटी ने बायजू के खिलाफ दिवालियापन की कार्यवाही शुरू की। बायजू ने पूरा बकाया चुकाने के बाद बीसीसीआई के साथ विवाद सुलझा लिया, जिसके बाद एनसीएलएटी ने कंपनी के खिलाफ शुरू की गई दिवालियापन की कार्यवाही को रद्द कर दिया। हालांकि, अमेरिकी कर्जदाताओं ने अपने एजेंट ग्लास ट्रस्ट के जरिए एक बार फिर एनसीएलएटी के आदेश को कोर्ट में चुनौती दी, जिसने बायजू के खिलाफ दिवालियापन की कार्यवाही को बहाल कर दिया।

