आगामी बजट में किफायती आवास परियोजनाओं पर आयकर कम करने के लिए रियल एस्टेट क्षेत्र की संस्था क्रेडाई ने सरकार को सुझाव दिया है, क्रेडाई चाहता हैं किफायती आवास परियोजनाओं पर आयकर की दर महज 15 फीसदी हो जिससे कम लागत वाले घरों की आपूर्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी।
एक रिपोर्ट के अनुसार क्रेडाई ने इस क्षेत्र के सामने आने वाली विशिष्ट चुनौतियों का समाधान करने के लिए आगामी केंद्रीय बजट के लिए कई सुझाव दिए हैं जिनके अनुसार, इन सुझावों में किफायती आवास की परिभाषा में संशोधन, किफायती घर बनाने के लिए रियल एस्टेट कंपनियों को कर छूट और व्यक्तियों द्वारा होम लोन पर चुकाए जाने वाले मूलधन और ब्याज पर कटौती की सीमा बढ़ाना शामिल है। क्रेडाई ने पिछले कुछ वर्षों में कुल ताजा आपूर्ति में किफायती आवास खंड की घटती हिस्सेदारी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
आपूर्ति में कमी के साथ ही कुल बिक्री में किफायती घरों की हिस्सेदारी भी घटी है। क्रेडाई ने इस गिरावट की प्रवृत्ति को प्राथमिकता के आधार पर रोकने की जरूरत पर बल दिया है। किफायती आवास की आपूर्ति को बढ़ावा देने के लिए, क्रेडाई ने विनिर्माण कंपनियों के लिए वर्तमान में उपलब्ध 15 प्रतिशत की कम आयकर दर को किफायती आवास परियोजनाओं तक बढ़ाने की सिफारिश की। 2017 में किफायती आवास की परिभाषा पेश किए जाने के बाद से रियल एस्टेट क्षेत्र में कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ, क्रेडाई ने सरकार से 45 लाख रुपये की मौजूदा सीमा को संशोधित करने का आग्रह किया।

