केंद्र की मोदी सरकार ने आम लोगों के अपना घर के सपने को साकार करने के लिए आम बजट में बड़ा ऐलान किया है। अब महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने पर रजिस्ट्रेशन के दौरान लगने वाले स्टांप शुल्क में राहत देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा सरकार ने आवास के लिए कई अन्य घोषणाएं भी की हैं।
बजट 2024 पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों और शहरों में 3 करोड़ घर बनाए जाएंगे। इसके अलावा वित्त मंत्री ने अगले पांच सालों में शहरी आवास के लिए 2.2 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का प्रस्ताव रखा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है और इसके तहत 1.8 करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रशन कराया है।
वित्त मंत्री ने शहरों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए किराए का बोझ कम करने के लिए बड़े ऐलान किए हैं इससे फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों को सस्ते किराए पर मकान मिल सकेंगे। यह आवास पीपीपी मोड में बनाए जाएंगे। आपको बता दें कि पिछले सालों की तरह इस बार भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 का बजट पेपरलेस फॉर्मेट में पेश किया।

