सरकार ने आईडीबीआई बैंक की बिक्री प्रक्रिया के लिए समय सीमा तय कर दी है. सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आईडीबीआई बैंक की रणनीतिक बिक्री अगले वित्त वर्ष 2024-25 में पूरी हो जाएगी. निवेश एवं सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DEEPAM) के मुताबिक आईडीबीआई बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। नियामक मंजूरी मिलने के बाद वित्तीय बोलियां आमंत्रित की जाएंगी।
सरकार एलआईसी के साथ आईडीबीआई बैंक में भी करीब 61 फीसदी हिस्सेदारी बेच रही है. अक्टूबर 2022 में खरीदारों से बोलियां आमंत्रित की गईं। ईओआई के माध्यम से रुचि दिखाने वाले बोलीदाताओं को ‘फिट और उचित’ मानदंडों को पूरा करने के लिए गृह मंत्रालय से सुरक्षा मंजूरी और भारतीय रिजर्व बैंक से अनुमोदन प्राप्त करना होगा।
चालू वित्त वर्ष 2023-24 में केंद्र सरकार और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यमों द्वारा संपत्ति मुद्रीकरण 1.50 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है। यह 1.75 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य से थोड़ा कम है. DEEPAM के सचिव तुहिन कांता पांडे के मुताबिक इस साल संपत्ति मुद्रीकरण का लक्ष्य लगभग 1.75 लाख करोड़ रुपये था और ‘हम मुद्रीकरण के माध्यम से 1.50 लाख करोड़ रुपये हासिल करने जा रहे हैं।’ इसके तहत वित्त वर्ष 2022 से वित्त वर्ष 2025 तक की चार साल की अवधि में केंद्र सरकार की ‘ब्राउनफील्ड’ बुनियादी ढांचा संपत्तियों की कुल मुद्रीकरण क्षमता 6 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट , टोल ऑपरेट ट्रांसफर के माध्यम से खनन, सड़क और बिजली क्षेत्रों में मुद्रीकरण जारी है और पेट्रोलियम क्षेत्र में भी ऐसा ही होना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मामलों में आय उद्यम को जाती है, सरकार को नहीं. परिसंपत्ति मुद्रीकरण का उद्देश्य नए बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए निजी क्षेत्र के निवेश का उपयोग करना है।

