नई दिल्ली: टेलीकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने सोमवार को चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी को मार्च 2021 तिमाही में 759 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 5,237 करोड़ रुपए का लॉस हुआ था।
चौथी तिमाही में भारती एयरटेल की कंसॉलिडेटेड आमदनी साल दर साल आधार पर 12 फीसदी बढ़कर 25,747 करोड़ रुपए रही। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी की आमदनी 23,019 करोड़ रुपए थी।
मार्च 2021 तिमाही में भारती एयरटेल ने ज्यादा सब्सक्राइबर्स जोड़े थे। इसके साथ ही कोरोनावायरस संक्रमण के कारण वर्क फ्रॉम होम से कंपनी के डेटा इस्तेमाल भी बढ़ा है।
टेलीकॉम कंपनी की औसत रेवेन्यू प्रति यूजर (ARPU) मार्च 2021 तिमाही में 5.8 फीसदी गिरकर 145 रुपए प्रति यूजर पर आ गई। पिछले साल इसी तिमाही में यह 154 रुपए प्रति यूजर थी। मार्केट रेगुलेटर ने इस साल 1 जनवरी से इंटरकनेक्ट चार्ज हटा दिया था जिसकी वजह से ARPU में गिरावट आई है।
चौथी तिमाही के नतीजे आने से पहले भारती एयरटेल के शेयर करीब 2 फीसदी गिरकर 549 रुपए प्रति शेयर पर बंद हुए थे।

