अडानी समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड को कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर कंटेनर सुविधा के लिए पांच साल का संचालन और रखरखाव (ओएंडएम) अनुबंध मिला है। APSEZ ने शुक्रवार को कहा कि इसके साथ ही उसे स्वीकृति पत्र (LoA) की तारीख से सात महीने के भीतर माल ढुलाई उपकरण स्थापित करना होगा। बयान के अनुसार, “APSEZ ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से पांच साल का O&M अनुबंध हासिल किया है, जिसके तहत सफल बोलीदाता को स्वीकृति पत्र की तारीख से सात महीने के भीतर माल ढुलाई उपकरण स्थापित करना होगा।”
अडानी पोर्ट्स के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा, “नेताजी सुभाष डॉक पर कार्गो हैंडलिंग सुविधाओं के लिए अडानी पोर्ट्स को ओएंडएम अनुबंध दिया जाना देश भर में बंदरगाहों और लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को विकसित करने और पश्चिम बंगाल में इसकी संभावनाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।”
अडानी पोर्ट्स का शेयर शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। कंपनी का शेयर बीएसई पर 26 रुपये की बढ़त के साथ 1378 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर का 52 हफ्तों का हाई 1607 रुपये और 52 हफ्तों का लो 702 रुपये है।

