होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष केबी काचरू ने बजट 2025 से उम्मीदों पर बात करते हुए कहा कि राज्य सरकारों को और अधिक प्रोत्साहन देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जापान, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड जैसे देश पर्यटन क्षेत्र को महत्व देकर अपनी जीडीपी को बढ़ाने में सक्षम हैं। उन्होंने भारत के लिए उच्च क्षमता वाले एमआईसीई स्थलों की पहचान करने और उन्हें बढ़ावा देने की बात कही। काचरू ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण की दिशा में काम करने की जरूरत है।
एचएआई अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अकेले निवेश नहीं कर सकती। निजी क्षेत्र को आना होगा और निवेश करना होगा। उन्हें देश में निवेश करने के लिए जो चीज प्रेरित करेगी, वह यह है कि उन्हें निवेश पर अच्छा रिटर्न मिले तभी वे निवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत में कराधान एक बड़ा मुद्दा है और कर दरों को युक्तिसंगत बनाने की जरूरत है। सरकार को आगामी बजट में हस्तशिल्प और चमड़ा जैसे क्षेत्रों को उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत वित्तीय लाभ प्रदान करना चाहिए, जिससे अधिक रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
वित्तीय सेवा कंपनी डेलोइट ने रविवार को यह सुझाव दिया कि इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में मौजूदा पीएलआई योजनाएं जारी रहनी चाहिए, जो सफल रही हैं। सरकार ने 2021 में 1.97 लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ दूरसंचार, बड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़ा, चिकित्सा उपकरण निर्माण, ऑटोमोबाइल, विशेष इस्पात, खाद्य उत्पाद, उच्च दक्षता वाले सौर पीवी मॉड्यूल, उन्नत रासायनिक सेल बैटरी, ड्रोन और फार्मा सहित कुल 14 क्षेत्रों के लिए पीएलआई योजना की घोषणा की थी। डेलोइट ने सुझाव दिया कि वैश्विक तरलता में सुधार करने के लिए (एक बार पश्चिमी केंद्रीय बैंक अपनी मौद्रिक नीतियों को आसान बनाना शुरू कर देते हैं), सरकारें निवेश के आकार की अधिकतम सीमा बढ़ा सकती हैं और अधिक विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए स्थान संबंधी प्रतिबंध हटा सकती हैं।

