मंगलवार को मजबूत शुरुआत के बाद घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कारोबारी सत्र में बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स एनएसई निफ्टी 50 शुरुआती कारोबार में 63 अंक बढ़कर 24,999.40 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 206.94 अंक बढ़कर 81,766.48 पर खुला। बैंक निफ्टी इंडेक्स 210.50 अंक बढ़कर 51,328.30 पर खुला। मगर फिर सेंसेक्स और निफ़्टी में एक तेज़ गिरावट आयी और थोड़ी ही देर में एक रिकवरी भी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 86 अंक और निफ़्टी 21 अंक बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था.
कारोबार की शुरुआत में Divis Labs, Bharti Airtel, Tata Consumer Products, Axis Bank, LTIMindtree निफ्टी पर सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल रहे, जबकि SBI Life Insurance, HDFC Life, Bajaj Finserv, Bajaj Finance और Shriram Finance नुकसान में रहे। एनएसई पर उपलब्ध अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 10 सितंबर, 2024 को 1,176.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसी तरह, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,757.02 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अमेरिकी बाजारों में रात भर की बढ़त के बाद मंगलवार सुबह एशियाई बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 225 0.64% बढ़कर 36,449 पर पहुंच गया, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.11% बढ़कर 2,538.72 पर पहुंच गया। हां, एशिया डॉव में थोड़ी गिरावट आई और यह 0.04% गिरकर 3,472.46 पर आ गया। इस बीच, चीन का बेंचमार्क शंघाई कंपोजिट 2,736 पर स्थिर रहा।

