नई दिल्ली: कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए लॉकडाउन के दौरान सेवा देने वाले अपने कर्मचारियों को SBI ने बड़ा तोहफा दिया है। इस संकट के दौरान काम करने वाले अपने कर्मियों को SBI अतिरिक्त भुगतान करेगा। बैंक ने कहा है कि वह लॉकडाउन के दौरान काम करने करने वाले कर्मचारियों को हर छह कामकाजी दिनों के लिए एक दिन की सैलरी (बेसिक पे डीए) अलग से देगा।
एसबीआई ने एक सर्कुलर में कहा, ‘ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कर्मचारियों के निःस्वार्थ भाव से सेवा की भावना को देखते हुए उन्हें अतिरिक्त भुगतान करने का यह सही वक्त है। बैंक कर्मचारियों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है और इस समर्पित प्रयासों में वह उनके साथ एकजुटता से खड़ा है।’
लॉकडाउन की अवधि खत्म होने के बाद सीपीसी, सीएसी, ट्रेजरी ऑपरेशंस, ग्लोबल मार्केट्स, जीआईटीसी तथा आईटी सर्विसेज में पदस्थ तमाम कर्मचारियों को अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। यह पेमेंट कर्मचारियों को एचआरएमएस के जरिए दिया जाएगा।

