नई दिल्ली: कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण पैदा हुए हालातों को देखते हुए केंद्र सरकार ने 4.07 करोड़ गरीब महिलाओं के जनधन खाते में राहत पैकेज के रूप में शुक्रवार को 30,000 करोड़ रुपये भेजे। इसके अलावा केंद्र ने उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन वाले आठ करोड़ गरीब परिवारों के लिंक खातों में 5,000 करोड़ रुपये भी डाले गए हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, कोरोना वायरस के चलते लागू राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को देखते हुए केंद्र सरकार ने 4.07 करोड़ गरीब महिलाओं के जनधन खाते में 500-500 रुपये की पहली किस्त जमा की। सरकार ने बैंकों को यह आदेश भी दिया है कि इस योजना के तहत किसी भी लाभार्थी को न छोड़ा जाए। यह राशि नौ अप्रैल तक महिलाओं के जनधन खातों में पहुंच जाएगी।
बता दें कि 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी बंद को देखते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने 26 मार्च को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की घोषणा की थी। सामाजिक दूरी का अनुपालन और लाभार्थियों द्वारा सुचारू रूप से पैसे निकालने के लिए सरकार ने खाते के आखिरी अंक के आधार पर भुगतान सारणी बनाई है।

