मुंबई: देश के 10 सरकारी बैंकों का विलय कर चार बड़े बैंक बनाने की कवायद अपने अंतिम चरण में है। 1 अप्रैल को इन 10 बैंकों के विलय से चार बड़े बैंक बनेंगे जो देश के वित्तीय क्षेत्र का सबसे बड़ा विलय होगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शनिवार को इस विलय को अधिसूचित कर दिया, जो इस महीने की शुरुआत में जारी एक अधिसूचना के जरिए लागू हो जाएगा।
ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स तथा यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया की शाखाएं पंजाब नैशनल बैंक (PNB) की शाखाओं के रूप में काम करेंगी। वहीं, सिंडिकेट बैंक केनरा बैंक के रूप में काम करेगा। आंध्र बैंक तथा कॉर्पोरेशन बैंक की शाखाएं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रूप में काम करेंगी। जबकि, इलाहाबाद बैंक की शाखाएं इंडियन बैंक की शाखाओं के रूप में काम करेंगी।
बैंक एम्प्लॉयी यूनियंस तथा असोसिएशंस ने इस विलय को विलंबित करने के लिए जी तोड़ कोशिशें कीं, क्योंकि यह लॉकडाउन के समय हो रहा है। उन्होंने कहा है कि जन धन योजना अकाउंट-होल्डर्स को सरकारी फायदे का वितरण एक अतिरिक्त चुनौती है।

