नई दिल्ली: सरकार ने सीनियर सिटीजन के लिए एक शानदार पेंशन प्लान लॉन्च किया है और इस पेंशन प्लान का नाम ‘प्रधानमंत्री वय वंदना योजना’ (PMVVY) है. हर महीने एक निश्चित पेंशन के लिए कोई भी सीनियर सिटिजन इस स्कीम को चुन सकते हैं.
‘प्रधानमंत्री वय वंदना योजना’ में मासिक पेंशन का ऑप्शन चुनने पर वरिष्ठ नागिरकों को स्कीम में 10 साल तक एक तय दर से गारंटीशुदा पेंशन मिलती है. यह स्कीम डेथ बेनिफिट की भी पेशकश करती है. इसके तहत नॉमिनी को खरीद मूल्य वापस किया जाता है. इस पर मिलने वाला एश्योर्ड रिटर्न 8 फीसद होता है.
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की ‘प्रधानमंत्री वय वंदना योजना’ में आप मासिक, तिमाही, छमाही या फिर सालाना आधार पर पेंशन ले सकते हैं. इस पॉलिसी का टर्म अधिकतम 10 साल के लिए है. इस प्लान पर टैक्स छूट नहीं मिलती है.
‘प्रधानमंत्री वय वंदना योजना’ के तहत 60 साल या इससे ज्यादा उम्र के लोग आवेदन कर सकते हैं. इस योजना में एकमुश्त रकम जमा की जाती है. जिस दिन से यह प्लान एक्टिव होता है, उस दिन से ठीक 10 साल तक पेंशन का फायदा लिया जा सकता है.
महीने के आखिर में पेंशन
इस योजना के तहत अगर आप मासिक मोड में पेंशन चाहते हैं तो हर महीने के अंत में आपके खाते में पेंशन ट्रांसफर हो जाएगी. इसी तरह अगर तिमाही प्लान लेते हैं तो हर तीसरे महीने के आखिर में पेंशन मिलेगी. अगर किसी वजह से पेंशनभोगी की मृत्यु हो जाती है तो, पॉलिसी का खरीद मूल्य पॉलिसीहोल्डर द्वारा नामित या कानूनी उत्तराधिकारी के खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है.
इतना कर सकते हैं निवेश
हर महीने 1000 रुपये की पेंशन के लिए आपको लगभग 1,44,578 रुपए के एकमुश्त प्रीमियम का भुगतान करना होगा. और अगर आप 5000 रुपये मासिक पेंशन चाहते हैं तो प्रीमियम की राशि 7,22,892 रुपये होगी.
‘प्रधानमंत्री वय वंदना योजना’ (PMVVY) के लिए अप्लाई करते समय पैन कार्ड की कॉपी, पते का प्रूफ और बैंक पासबुक की कॉपी की जरूरत होगी. पते के प्रूफ के लिए आप आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस वोटरआईडी की कॉपी जमा करा सकते हैं.
प्रीमैच्योर विद्ड्रॉल
पॉलिसी होल्डर को अगर मैच्योरिटी से पहले पैसों की जरूरत पड़ती है तो परचेज प्राइज का 98 फीसदी सरेंडर वैल्यू का भुगतान हो सकता है. लेकिन यह सरेंडर कुछ खास मामलों में ही होगा.

