भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट का बुरा असर पड़ा है। 14 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.54 अरब डॉलर घटकर 635.72 अरब डॉलर रह गया। पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.65 अरब डॉलर बढ़कर 638.26 अरब डॉलर हो गया था। विदेशी मुद्रा बाजार में आरबीआई के हस्तक्षेप के साथ-साथ रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने में मदद के लिए मूल्यांकन के कारण हाल ही में विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का रुख रहा था।
वहीं अगर पाकिस्तान की बात करें तो 14 फरवरी 2025 को समाप्त सप्ताह के दौरान उसके विदेशी मुद्रा भंडार में भी 121.3 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। सितंबर 2024 के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 704.885 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए आरबीआई द्वारा विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करने के कारण विदेशी मुद्रा कोष में गिरावट आई।
आरबीआई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का एक बड़ा हिस्सा विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 14 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 4.51 अरब डॉलर घटकर 539.59 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लिखित विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में उतार-चढ़ाव का प्रभाव शामिल होता है। हालांकि, समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.94 अरब डॉलर बढ़कर 74.15 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 19 मिलियन डॉलर बढ़कर 17.89 अरब डॉलर हो गया।

