सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 1,18,151.75 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा फायदा एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल को हुआ।
शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के मूल्यांकन में गिरावट आई। इन चार कंपनियों को कुल मिलाकर 1.15 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
समीक्षाधीन सप्ताह में एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 32,639.98 करोड़ रुपये बढ़कर 13,25,090.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन सप्ताह के दौरान 31,003.44 करोड़ रुपये बढ़कर 9,56,205.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन 29,032.08 करोड़ रुपये बढ़कर 5,24,312.82 करोड़ रुपये और इंफोसिस का 21,114.32 करोड़ रुपये बढ़कर 7,90,074.08 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 2,977.12 करोड़ रुपये बढ़कर 17,14,348.66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 1,384.81 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,632.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस प्रवृत्ति के विपरीत, आईटीसी का मूल्यांकन 39,474.45 करोड़ रुपये घटकर 5,39,129.60 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 33,704.89 करोड़ रुपये घटकर 5,55,361.14 करोड़ रुपये रह गया।
भारतीय स्टेट बैंक की बाजार हैसियत 25,926.02 करोड़ रुपये घटकर 6,57,789.12 करोड़ रुपये और टीसीएस की बाजार हैसियत 16,064.31 करोड़ रुपये घटकर 14,57,854.09 करोड़ रुपये रह गई। शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।

