ट्रैवल बुकिंग करने वाली प्रमुख कंपनी OYO ने पार्टनर होटलों के लिए एक नई चेक-इन नीति शुरू की है, जिसके तहत इस साल से प्रभावी दिशा-निर्देशों के अनुसार अविवाहित जोड़ों को चेक-इन करने की अनुमति नहीं होगी, इसकी शुरुआत मेरठ से की है. अब सभी कपल को चेक-इन के वक्त अपने रिश्ते का वैलिड प्रूफ पेश करने के लिए कहा जाएगा जिसमें ऑनलाइन बुकिंग भी शामिल है।
मेरठ में OYO ने अपने पार्टनर होटलों को तत्काल प्रभाव से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जमीनी स्तर पर मिली प्रतिक्रिया के आधार पर कंपनी इसे और शहरों में भी लागू कर सकती है।
OYO को पहले भी विशेष रूप से मेरठ में नागरिक समाज समूहों से इस मुद्दे को हल करने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए प्रतिक्रिया मिली है। इसके अलावा, कुछ अन्य शहरों के लोगों ने गैर शादीशुदा जोड़ों को OYO होटलों में ठहरने की इजाज़त न देने के लिए याचिका दायर की है।
कंपनी ने कहा कि यह पहल पुरानी धारणा को बदलने और खुद को परिवारों, छात्रों, व्यवसाय, धार्मिक और अकेले यात्रियों के लिए सुरक्षित अनुभव प्रदान करने वाले ब्रांड के रूप में पेश करने के ओयो के कार्यक्रम का एक हिस्सा है। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम का उद्देश्य लंबे समय तक ठहरने और बार-बार बुकिंग को प्रोत्साहित करना है, जिससे ग्राहकों का विश्वास और वफादारी बढ़े।

