IIP के आज जारी हुए ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक फेस्टिव सीजन की वजह से भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ दर अक्टूबर में तीन महीने के उच्चतम स्तर 3.5 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि पिछले महीने यह 3.1 फीसद थी। अगस्त में मामूली गिरावट के बाद अक्टूबर लगातार दूसरा महीना है जब इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन में वृद्धि हुई है।
तीन प्रमुख इंडस्ट्रीज में से माइनिंग में 0.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि मैन्युफैक्चरिंग में पिछले महीने के 3.9 फीसद की तुलना में 4.1 % की वृद्धि हुई, जबकि पावर सेक्टर की वृद्धि दर 2 प्रतिशत पर स्थिर रही। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 40 प्रतिशत का योगदान करने वाले कोर सेक्टर उद्योगों का प्रदर्शन भी अक्टूबर में बेहतर रहा। भारत के कोर सेक्टर उत्पादन में सितंबर में संशोधित 2.4 प्रतिशत की तुलना में अक्टूबर में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई, क्योंकि आठ में से चार क्षेत्रों में वृद्धि की तेज गति दर्ज की गई। वर्ष की पहली छमाही में, विशेष रूप से दूसरी तिमाही में विनिर्माण गतिविधि धीमी रही। लेकिन सरकार को तीसरी तिमाही में सुधार की उम्मीद है।
जुलाई-सितंबर की अवधि में औद्योगिक और खनन गतिविधि धीमी होने के कारण वर्ष की दूसरी तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था में भारी गिरावट आई और यह 5.4 प्रतिशत पर आ गई। खनन में दो साल में पहली बार संकुचन हुआ, जबकि विनिर्माण क्षेत्र में गिरावट आई और विकास दर पिछली तिमाही के 7 प्रतिशत से गिरकर Q2FY25 में 2.2 प्रतिशत पर आ गई।

