एचडीएफसी बैंक ने गुरुवार को चुनिंदा मैचयोरिटी पीरियड वाले लोन महंगे कर दिए। बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) में 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, चुनिंदा लोन पर मसीएलआर में 0.05 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। एक साल की अवधि के लिए मानक एमसीएलआर दर 9.45 फीसदी पर बरकरार रखी गई है।
नई घोषणा के बाद एक दिन के लिए एमसीएलआर 9.10 फीसदी से बढ़कर 9.15 फीसदी हो गई है, जबकि एक महीने के लिए दर 0.05 फीसदी बढ़कर 9.20 फीसदी हो गई है। अन्य परिपक्वता अवधि वाले लोन की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अन्य अवधियों के लिए, उधार दरें वही रहेंगी ।
नई दरें 7 नवंबर, 2024 से प्रभावी हो गई हैं। यह दर वृद्धि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लगातार दसवीं बार अपनी नीति दर रेपो को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का निर्णय लेने के बाद की गई है। MCLR का तात्पर्य फंड आधारित उधार दरों की सीमांत लागत से है, जिसके नीचे उधारदाताओं को उधार देने की अनुमति नहीं है। वर्ष 2016 में, भारतीय रिजर्व बैंक ने बेस रेट सिस्टम को MCLR आधारित उधार दरों से बदल दिया। आपको बता दें कि 2016 से पहले लोन लेने वाले उधारकर्ता अभी भी बेस रेट या बेंचमार्क प्राइम लेंडिंग रेट्स (BPLR) के हिसाब से काम करते हैं।

