शेयर बाजार में दो दिनों से जारी तेजी पर आज विराम लग गया। आईटी शेयरों में जबरदस्त बिकवाली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। सुबह के सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी के नए रिकॉर्ड पर पहुंचने के बाद बिकवाली हावी हो गई। बाजार बंद होते समय बीएसई सेंसेक्स 131.43 अंक गिरकर 82948.23 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 41 अंक गिरकर 25377.54 अंक पर आ गया। बुधवार को आईटी शेयरों ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया। आईटी शेयरों में टेकमहिंद्रा , आईएनएफवाई, एचसीएलटेक और टीसीएस के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही।
बता दें कि विदेशी पूंजी प्रवाह के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 230.66 अंक चढ़कर 83,310.32 अंक के नए सर्वकालिक शिखर पर पहुंच गया। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और जापान का निक्केई-225 लाभ में रहे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। अमेरिकी फेड के फैसले से पहले शेयर बाजार सतर्क रुख अपना रहा है। अगर फेड दरों में कटौती करता है तो बाजार में एक बार फिर तेजी लौट सकती है।

