केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद से शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। आज पहली बार सेंसेक्स 78 हजार के पार बंद हुआ। बैंक निफ्टी भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा। बीएसई सेंसेक्स 712 अंक उछलकर 78,053 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 183.45 अंक बढ़कर 23,721.30 अंक पर पहुंच गया।
बाजार के जानकारों का कहना है कि बाजार में जबरदस्त तेजी बैंकिंग शेयरों की वजह से आई। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में अच्छी तेजी रही है। एसबीआई समेत अन्य बैंकों के शेयरों में भी तेजी रही। इसके दम पर बाजार आज नया हाई बनाने में सफल रहा।
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में Axis Bank, HDFC Bank, ICICI Bank, UltraTech Cement, State Bank of India और Kotak Mahindra Bank के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। Adani Ports, Power Grid, Tata Steel and Asian Paints के शेयरों में नुकसान रहा। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहा।
सोमवार को अमेरिकी बाजार मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.06 फीसदी गिरकर 85.96 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 653.97 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

