भारतीय शेयर बाजार में आज पूरे दिन उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में मजबूत शुरुआत के बाद शेयर बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली। बाजार बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 36 अंक उछलकर 77,337 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 42 अंक गिरकर 23,516 अंक पर बंद हुआ। बैंकिंग शेयरों में आज शानदार तेजी देखने को मिली। बैंक निफ्टी 957 अंक बढ़कर 51,398 अंक के साथ अपने शिखर पर पहुंच गया।
आज के कारोबार में एक्सिस और HDFC बैंक के शेयरों में अच्छी तेजी रही। AXIS बैंक का शेयर 3.17% उछलकर 1229 रुपये पर पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में मजबूती, बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और विदेशी फंडों के प्रवाह के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ने नए सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 280.32 अंक बढ़कर 77,581.46 अंक के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 72.95 अंक बढ़कर 23,630.85 अंक के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में Indusind बैंक, ICICI बैंक, Axis बैंक, Kotak Mahindra बैंक, Infisys, TCS और HDFC बैंक के शेयर लाभ में रहे। वहीं, Titan, NTPC, Powergrid और Bajaj Finance के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट में रहा।

