मंगलवार को शेयर बाजार एकबार फिर बड़ी गिरावट के साथ खुला। बाजार खुलते ही चौतरफा गिरावट देखने को मिल रही है। शेयर बाजार के सभी सेक्टर के शेयर लाल निशान पर खुले। बीएसई सेंसेक्स 507.69 अंक नीचे 72,892.09 पर खुला। एनएसई निफ्टी भी 153.35 अंक गिरकर 22,119.15 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स में 331 अंक और निफ्टी में 68 अंक की गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सिर्फ एक शेयर एयरटेल हरे निशान में कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों को नुकसान हुआ। टाइटन कंपनी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नेस्ले और मारुति के शेयर लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225, हांगकांग का हैंग सेंग, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे। सोमवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.58 प्रतिशत बढ़कर 90.62 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 3,268.00 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

