कोटक महिंद्रा बैंक ने 537 करोड़ रुपये में NBFC सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण कर लिया है। कोटक महिंद्रा बैंक ने गुरुवार को सेबी को यह जानकारी दी. बैंक ने आज एक non-banking finance company (NBFC ) सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड की जारी और चुकता पूंजी का 100 प्रतिशत लगभग 537 करोड़ रुपये में हासिल कर लिया है। सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड आरबीआई के साथ पंजीकृत है। सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड 10 राज्यों में 549 शाखाओं के माध्यम से काम कर रहा है। 31 दिसंबर, 2023 तक इसके प्रबंधन के तहत संपत्ति (AUM ) लगभग 2,620 करोड़ रुपये थी। इस अधिग्रहण के साथ सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कोटक बैंक की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन गई है।
इस अधिग्रहण की खबर का असर गुरुवार को कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में देखने को मिला, गुरुवार को BSE पर कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 1.41 फीसदी बढ़त के साथ 1800.70 रुपये पर कारोबार करते देखा गया. गुरुवार दोपहर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर बैंक का मार्केट कैप 3,57,731.64 करोड़ रुपये पर कारोबार करता देखा गया।
सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी है, जो NBFC-MFI के रूप में पंजीकृत है। इसकी स्थापना जनवरी, 2006 में हुई थी। सोनाटा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन में लगी हुई है। इसके अलावा, यह समाज के वंचित वर्ग का भी ख्याल रखता है।

