मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है, बाज़ार आज बेहद मामूली बढ़त के साथ खुले, फिर लाल रंग में रंग गए और अभी मामूली तेज़ी में दिख रहे हैं. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज इंडेक्स सुबह करीब साढ़े 9 बजे 86 अंक गिर गया मगर खबर लिखे जाने तक 29 ऊपर चढ़ चुका था और 73357 पर कारोबार कर रहा था वहीँ निफ़्टी में भी पांच अंकों की मामूली तेज़ी आ चुकी थी. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 शेयर हरे निशान पर और 16 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे। वहीँ निफ्टी पैक के 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान पर, 26 शेयर लाल निशान में नज़र आये.
निफ्टी-50 पैक में सबसे ज्यादा तेजी टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट और बजाज फिनसर्व के शेयरों में देखने को मिली। वहीं, एचसीएल टेक, विप्रो, डिविस लैब, टेक महिंद्रा और एलटीआई माइंडट्री के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। मंगलवार सुबह अडानी ग्रुप के ज्यादातर शेयरों में गिरावट देखी गई.
सेक्टोरल इंडेक्सों में निफ्टी आईटी 0.86 फीसदी की गिरावट, निफ्टी फार्मा 0.73 फीसदी की गिरावट, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स 0.70 फीसदी की गिरावट, निफ्टी ऑयल एंड गैस 0.05 फीसदी की गिरावट, निफ्टी रियल्टी 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.13 फीसदी और निफ्टी बैंक में 0.13 फीसदी की गिरावट देखी गई। इसके अलावा निफ्टी ऑटो में 0.39 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.05 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 0.95 फीसदी, निफ्टी मेटल में 0.45 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.37 फीसदी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.30 फीसदी की बढ़त देखी गई.

