टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत के सबसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर रिलायंस जियो ने अक्टूबर 2023 में 31.59 लाख मोबाइल यूजर्स जोड़े हैं। वहीँ दूसरे सबसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल की बात करें तो इसमें 3.52 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ट्राई के मासिक ग्राहक डेटा से पता चला है कि संकटग्रस्त टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया को कोई राहत नहीं मिली है। वोडाफोन आइडिया ने अक्टूबर में 20.44 लाख वायरलेस ग्राहक खो दिए।
ट्राई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर 2023 में 31.59 लाख नए यूजर्स रिलायंस जियो से जुड़े। इसके साथ ही कंपनी के कुल ग्राहकों की संख्या 45.23 करोड़ हो गई है। सितंबर में रिलायंस जियो के 44.92 करोड़ ग्राहक थे। सुनील मित्तल की अगुवाई वाली एयरटेल का ग्राहक आधार अक्टूबर में 3.52 लाख बढ़ गया, एयरटेल के कुल ग्राहकों की संख्या अब बढ़कर 37.81 करोड़ पहुंच गई. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के ग्राहकों की संख्या घटकर 22.54 करोड़ रह गई। नकदी संकट से जूझ रही वोडाफोन आइडिया फंड जुटाने की समस्या और ग्राहकों की लगातार घटती संख्या से परेशान है।
टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई ने कुछ दिन पहले टेलीकॉम कंपनियों जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल को यूजर्स के लिए चेतावनी जारी करने को कहा है। इस चेतावनी के जरिए टेलीकॉम कंपनियां अपने यूजर्स को साइबर अपराध करने वाले लोगों द्वारा भेजे जा रहे संदेशों से सावधान रहने की जानकारी देंगी। इन दिनों देखा जा रहा है कि साइबर ठग टेलीकॉम कंपनियों और ट्राई के नाम पर लोगों को फ्रॉड मैसेज भेज रहे हैं और उन्हें आर्थिक तौर पर चूना लगा रहे हैं.

