शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी सत्र में घरेलू शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। सत्र के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 241.86 अंक उछलकर एकबार फिर 71 हज़ार के ऊपर यानि 71106.96 पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 94.35 अंक ऊपर 21,349.40 पर बंद हुआ। बाजार में इतनी तेज़ी के बावजूद निफ्टी बैंक में 348.3 अंकों की गिरावट देखी गई. टॉप गेनर्स में अदानी पोर्ट्स, अदानी एंटरप्राइजेज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, डिविस लैब, टॉप गेनर्स रहे, जबकि इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और टीसीएस इंजीनियर्स टॉप लूजर्स रहे।
हाल में बेहतर हुए आर्थिक रुझानों के कारण घरेलू बाजार में धारणा कुल मिलाकर सकारात्मक रही है। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर महंगाई कम हो रही है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से सकारात्मक बयान आये, फेड ने संकेत दिया कि वे अब ब्याज दरें नहीं बढ़ाएंगे, फेड के इस बयान से निवेशकों को और भी सकारात्मक बना दिया है। मिड और स्मॉलकैप ने बेंचमार्क सेंसेक्स से शानदार प्रदर्शन किया। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में क्रमश: 0.74 फीसदी और 1.04 फीसदी की तेजी आई।
भारत में बढ़ते कोरोना के मामलों से फार्मा और डायग्नोस्टिक कंपनियों के शेयरों में 8 फीसदी तक की तेजी देखी गई. शुक्रवार को कारोबार के दौरान कई फार्मा शेयर अपने 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर भी पहुंचते दिखे. शेयर बाजार में पूरे सप्ताह के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में करीब आधा फीसदी की गिरावट आई। बीएसई मिडकैप इंडेक्स करीब एक फीसदी गिर गया.
सेंसेक्स की कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले सत्र के लगभग 354.1 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 356.7 लाख करोड़ रुपये हो गया।

